टनकपुर:डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी संस्थान टनकपुर में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा! Ashok gulati एडिटर इन चीफ

खबर शेयर करें -

टनकपुर :इंजीनियरिंग विद्यार्थियों से संवाद कर जिलाधिकारी ने साझा किए सफलता के मंत्र, लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का किया आह्वान

जिलाधिकारी ने छात्रों को नशे से दूर रहने की अपील की, साथ ही फिजिकल फिटनेस, एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज करने की भी बात कही

. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के 01 सितम्बर को टनकपुर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रस्तावित भ्रमण एवं विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने शनिवार को संस्थान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, नवनिर्मित बालिका छात्रावास तथा संस्थान में नए सृजित संकायों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं संस्थान प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) परिसर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी संस्थान के विस्तारीकरण एवं विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं विकसित करने के साथ ही आवश्यक आधारभूत व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।

इस दौरान जिलाधिकारी ने विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एच.एल. मंडोरिया एवं प्रबंधन टीम के साथ परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने नवनिर्मित गर्ल्स हॉस्टल, नए सृजित संकायों एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि संस्थान के विस्तारीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। इसके लिए 4 हेक्टेयर भूमि क्षतिपूरक वनीकरण/कैम्पा के अंतर्गत आवंटित की जा चुकी है। वर्तमान में कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल (BRIDCUL) के माध्यम से केएमएल (KML) फाइल अपलोडिंग तथा ‘परिवेश’ पोर्टल पर ऑनलाइन स्वीकृतियों से संबंधित प्रक्रिया तेजी से संचालित की जा रही है।

इंजीनियरिंग विद्यार्थियों से किया संवाद, साझा किए सफलता के मंत्र

स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित “इंट्रोडक्शन प्रोग्राम —एक्सपर्ट टॉक ऑन रोल ऑफ इंजीनियर इन दी डेवलपमेंट ऑफ सोसाइटी ” में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने संस्थान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए इंजीनियरिंग शिक्षा, करियर निर्माण और समाज के विकास में इंजीनियरों की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य का स्पष्ट होना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अभी से अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसके अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि जीवन में अनेक चुनौतियां आएंगी, लेकिन उनसे घबराने के बजाय धैर्य, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ उनका सामना करना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि कक्षा में पढ़ाए जाने वाले विषयों को पहले से पढ़कर आएं, नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहें और निरंतर रिवीजन की आदत विकसित करें। इसके साथ ही फिजिकल फिटनेस, एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

जिलाधिकारी ने अपने इंजीनियरिंग छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कॉलेज के चार वर्ष कब बीत जाते हैं, इसका पता भी नहीं चलता। उन्होंने विद्यार्थियों से इस समय का सदुपयोग करने और पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों को इंडस्ट्रियल विजिट करने, नियमित मॉक अभ्यास एवं प्रैक्टिकल लर्निंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी।

उन्होंने विद्यार्थियों से उत्तराखंड के महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विविधता को समझने और उसे एक्सप्लोर करने का भी आह्वान किया। साथ ही उन्होंने नशे से पूरी तरह दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा स्वयं नशामुक्त रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों से दूर रखने के लिए निरंतर प्रयास करें।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने जिलाधिकारी से टॉपर बनने की रणनीति, परीक्षा के समय तनाव से बचने, समय प्रबंधन तथा करियर प्लानिंग से संबंधित सवाल पूछे। जिलाधिकारी ने अपने छात्र जीवन के अनुभवों से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को व्यावहारिक सुझाव दिए और कठिन परिस्थितियों में सकारात्मक सोच एवं निरंतर मेहनत बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

अंत में जिलाधिकारी ने सभी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल समाज एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad