

हल्द्वानी :वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशानुसार डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी अपराध/यातायात नैनीताल के पर्यवेक्षण में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही एवं स्कूली वाहनों में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस हल्द्वानी द्वारा आज प्रातः क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
यातायात हल्द्वानी एवं सीपीयू हल्द्वानी पुलिस टीम को द्वारा हल्द्वानी क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्कूली वाहनों की गहनता से चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, सुरक्षा मानकों एवं यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान स्कूली वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन उपकरण, निर्धारित वर्दी सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों द्वारा चप्पल पहनकर वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की भी जांच की गई।
चेकिंग के दौरान नियमों एवं निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 17 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए। इनमें फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन उपकरण, निर्धारित वर्दी से संबंधित कमियां एवं चप्पल पहनकर वाहन चलाने की अनियमितता पाए जाने पर 15 चालान, बिना बीमा के 01 चालान तथा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर 01 चालान शामिल हैं।
यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।