
रानीखेत। विश्व हिन्दू परिषद (VHP) की महिला शाखा मातृशक्ति और दुर्गावाहिनी के तत्वाधान में आगामी 14 अक्टूबर 2026, दिन बुधवार को रानीखेत में एक भव्य “दुर्गा शक्ति शोभा यात्रा” का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में विहिप के जिला अध्यक्ष हर्ष पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि दुर्गावाहिनी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली इस शौर्य यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
विहिप जिलाध्यक्ष हर्ष पंत के अनुसार, इस भव्य कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिंदू बहनों को संगठित करना, उनमें शौर्य की भावना जागृत करना और राष्ट्र, धर्म व संस्कृति की रक्षा के लिए जागृत करना है। उन्होंने कहा कि संगठन पिछले कई वर्षों से समाज में महिलाओं की सुरक्षा, स्वाभिमान, स्वावलंबन और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य कर रहा है। यह यात्रा इसी दिशा में मातृशक्ति के सशक्तिकरण का प्रतीक बनेगी।
विश्व हिन्दू परिषद के प्रखंड एवं जिला इकाई रानीखेत के पदाधिकारियों व जिला अध्यक्ष हर्ष पंत ने क्षेत्र की सभी दीदियों, प्रबुद्ध महिलाओं और स्थानीय मातृशक्ति से विशेष अपील की है कि वे इस ‘दुर्गा शक्ति शोभा यात्रा’ में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाएं।

