


रानीखेत। कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर (केआरसी) स्थित गुरुद्वारा साहिब में प्रकाश उत्सव का पावन पर्व बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही गुरुद्वारे में धार्मिक कार्यक्रमों का दौर शुरू हो गया था।
गुरुद्वारा के एनसीओ (NCO) राजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह पंज प्यारों के आगमन और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन पाठ से हुई। मुख्य ग्रंथी गुरचरण सिंह जी, गुरप्रीत सिंह एवं चरणजीत सिंह के साथ आई टीम ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पाठ और शबद गायन किया। इसके पश्चात रागी जत्थों द्वारा मधुर भजन-कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की महिमा का बखान किया गया।
अरदास के बाद गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें सेना के जवानों सहित स्थानीय लोगों ने भारी संख्या में पहुंचकर प्रसाद और लंगर ग्रहण किया। इस पावन मौके पर सभी धर्मों के लोगों ने बिना किसी भेदभाव के बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरे परिसर में आपसी भाईचारे और जश्न का माहौल बना रहा।

