
लालकुआं: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं कांग्रेस कमेटी एससी विभाग नैनीताल के जिला अध्यक्ष इन्दर पाल आर्य ने राज्य की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला है। एक विस्तृत बयान जारी करते हुए उन्होंने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने में हो रही देरी, चुनावी घोषणाओं, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा है।
मुख्यमंत्री के दौरे और जमीनी हकीकत पर उठाए सवाल
इन्दर पाल आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री के बिंदुखत्ता दौरे के दौरान आयोजित कार्यक्रमों और मंच से की गई घोषणाओं के विपरीत क्षेत्र की जमीनी हकीकत बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में करीब 10 साल और केंद्र में 12 साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने को लेकर आज तक कोई ठोस और निर्णायक फैसला नहीं लिया गया है। सरकार केवल “प्रक्रिया चल रही है” और “काम हो रहा है” कहकर क्षेत्र की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहे कई ग्रामीण क्षेत्र
कांग्रेस नेता ने क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि मदनपुर, बागजाला, सुल्तान नगरी, कालीपुर, दानीबंगर और चोरगलिया-धर्मगढ़ जैसे इलाकों के निवासी आज भी अपने मालिकाना हक, सड़क, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। सरकार इन क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल कागजी दावों और प्रचार-प्रसार में व्यस्त है।
2027 चुनाव से पहले प्रलोभन की राजनीति का आरोप
उन्होंने आगे कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख सरकार अब प्रसव सहायता और विभिन्न लोकलुभावन योजनाओं के नाम पर महिलाओं के खातों में राशि भेजने की बातें कर मतदाताओं को रिझाने की कोशिश कर रही है। आर्य ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है, सरकारी संस्थाओं और जमीनों के प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं, और कमरतोड़ महंगाई व बेरोजगारी ने युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। इसके साथ ही प्रदेश में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
कांग्रेस की जीत का दावा
जनता और मातृशक्ति सरकार की इन नीतियों को भली-भांति समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी और कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के साथ ही प्रदेश में वास्तविक विकास, पारदर्शिता, युवा रोजगार और महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

