


चंपावत:. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रदेश में शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के विजन को आगे बढ़ाते हुए जनपद के छह सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर विद्यालयों में डिजिटल लर्निंग सेट की सुविधा शुरू की गई। इस क्रम में मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा फीता काटकर डिजिटल लर्निंग सुविधा का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सीएसआर सेल के सदस्य सचिव एवं अपर सचिव, मा. मुख्यमंत्री श्री मनमोहन मैनाली द्वारा किया गया,इस अवसर पर रेकिट समूह के श्री अमित शुक्ल एवं उनके प्रतिनिधिगण, विद्या भारती उत्तराखंड के सह प्रदेश निरीक्षक श्री ईश्वरे, संभाग निरीक्षक ऊधमसिंह नगर-नैनीताल श्री मंगत लोस्ता, सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिरों के प्रधानाचार्यगण, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार सहित संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, तकनीक आधारित और रोजगारपरक बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक डिजिटल संसाधनों की पहुंच बढ़ने से उन्हें आधुनिक शिक्षण सामग्री के साथ नई तकनीक को समझने और सीखने का अवसर मिलेगा। बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें सही अवसर, उचित मार्गदर्शन और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने डिजिटल शिक्षा की इस पहल को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक तक पहुंच से बच्चों के सीखने के दायरे का विस्तार होगा। डिजिटल संसाधन विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को नई जानकारी, नवीन शिक्षण पद्धतियों और तकनीकी ज्ञान से जोड़ने में सहायक होंगे। उन्होंने शिक्षकों से इन संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए बच्चों की जिज्ञासा, रचनात्मकता और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की अपेक्षा की।
रेकिट समूह की सीएसआर पहल के अंतर्गत विद्यालयों को डेस्कटॉप कंप्यूटर सेट, 19.5 इंच एलईडी मॉनिटर, प्रिंटर, यूपीएस, ब्लूटूथ स्पीकर, वेबकैम तथा 65 इंच इंटरैक्टिव पैनल सहित आधुनिक डिजिटल शिक्षण उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इन उपकरणों से कक्षा शिक्षण को अधिक रोचक, संवादात्मक और तकनीक आधारित बनाने में सहायता मिलेगी।
जनपद में यह डिजिटल सुविधा सरस्वती शिशु मंदिर पुलहिंडोला, विकासखंड लोहाघाट; सरस्वती शिशु मंदिर मादली, विकासखंड चम्पावत; पाटी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज/डॉ. लीलाधर भट्ट विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज; शहीद उत्तम चंद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चंदनी; सरस्वती शिशु मंदिर खेतीखान, विकासखंड पाटी तथा विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्या मंदिर बाराकोट में उपलब्ध कराई गई है।
इस पहल के लिए रेकिट समूह, विद्या भारती, सीएसआर सेल, जिला प्रशासन, विद्यालय परिवार एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि डिजिटल सिस्टम केवल उपकरणों का समूह नहीं, बल्कि शिक्षक के हाथ में आधुनिक शैक्षिक माध्यम और विद्यार्थी के लिए सीखने का नया अवसर है।
“हर बच्चे तक शिक्षा, हर हाथ में कौशल, हर गांव तक अवसर और हर प्रयास में जनकल्याण” की भावना के साथ यह पहल डिजिटल रूप से सक्षम विद्यार्थी, आधुनिक सोच वाले युवा, ज्ञान एवं कौशल से समृद्ध समाज और विकसित उत्तराखंड की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।