शहीदों व आंदोलनकारियों के बलिदान को नमन: चंपावत में उमंग के साथ मनाई गई उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ





















चंपावत: उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर जनपद मुख्यालय स्थित जिला सभागार में एक भव्य और गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर पूरे जिले में उत्सव का माहौल रहा, जहाँ एक ओर राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की बाजी लगाने वाले वीर आंदोलनकारियों के अदम्य साहस को नमन किया गया, वहीं दूसरी ओर जिले के चहुंमुखी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक भी देखने को मिली।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्री आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडे, विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस दौरान जिला सभागार में विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सरस्वती वंदना प्रस्तुत करने के साथ-साथ एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया, जिसमें सरकार की उपलब्धियों और क्षेत्र के विकास का विस्तृत विवरण दर्ज है।
राज्य निर्माण के आंदोलन में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ऊर्जावान राज्य आंदोलनकारियों को इस दौरान विशेष रूप से सम्मानित किया गया। राज्य आंदोलनकारी जिला अध्यक्ष श्री बसंत सिंह तड़ागी, श्री शंकर पांडे सहित तमाम वरिष्ठ आंदोलनकारियों को मंच पर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान राज्य आंदोलनकारी श्री श्याम नारायण पांडे, नवीन मुरारी एवं अन्य सेनानियों ने अपने संबोधन में राज्य निर्माण के कठिन दिनों और उन संघर्षों के पलों को ताजा किया, जब युवाओं ने बिना किसी स्वार्थ के एक अलग राज्य के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने नई पीढ़ी को याद दिलाया कि यह राज्य बलिदानों की नींव पर खड़ा है, इसलिए इसकी अस्मिता और विकास की रक्षा करना हर नागरिक का परम कर्तव्य है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री आनंद सिंह अधिकारी ने भी सभी आंदोलनकारियों के अतुलनीय संघर्षों को श्रद्धापूर्वक याद किया और अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान उत्तराखंड इन वीर सेनानियों के संघर्षों का ही प्रतिफल है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों और जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया।
कृषि के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने वाले जनपद के 05 प्रगतिशील कृषकों को उनकी बेहतरीन पैदावार और नवाचार के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के हाथों आर्थिक सहायता व लाभ प्रदान किया गया।
पशुपालन विभाग के माध्यम से श्री मुकेश सिंह बोहरा को गौ पालन के लिए ₹36,000 तथा जीवनी देवी एवं रश्मि पांडे को बकरी पालन योजना के तहत ₹35,000 की वित्तीय सहायता राशि प्रदान की गई, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
इस आयोजन में फ्रंटलाइन और जनसेवा कर्मियों को भी सम्मानित किया गया, जो समाज की रीढ़ हैं। विभिन्न विभागों के फ्रंट लाइन कर्मियों को उनकी विशिष्ट और निष्ठावान सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया, जिसमें यूपीसीएल (UPCL) के 2 कर्मठ लाइनमैन, 10 समर्पित पर्यावरण मित्र, 03 पंप ऑपरेटर्स, 05 गैंग मैन समेत विभिन्न विभागों के अन्य कार्मिक शामिल रहे, जिनकी मेहनत से शहर और व्यवस्था सुचारू रूप से चलती है।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित जनपद की साहासी और वीर बालिका माया कांडपाल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी बहादुरी से पूरे चंपावत का सिर गर्व से ऊंचा किया है।
कार्यक्रम में मौजूद विभिन्न विद्यालयों से आईं बालिकाओं को प्रोत्साहन स्वरूप आकर्षक उपहार भी प्रदान किए गए। पूरे कार्यक्रम का संचालन श्री जीवन चंद्र कलौनी द्वारा बेहद ऊर्जावान और ओजस्वी शैली में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का बारीकी से निरीक्षण किया। कृषि, उद्यान, पशुपालन, भेषज, रेशम, चिकित्सा, बाल विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्योग, आयुर्वेद, होम्योपैथी सहित तमाम विभागों द्वारा लगाए गए इन स्टॉलों पर जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही थी। जिलाधिकारी ने सभी स्टॉलों का मुआयना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पहुँचना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि विभागीय नवाचारों और सेवाओं का प्रसार ग्रामीण स्तर तक हो ताकि आम जनता को योजनाओं के लिए भटकना न पड़े और उन्हें त्वरित लाभ मिल सके।
इस ऐतिहासिक और गरिमामयी आयोजन में दर्जा राज्य मंत्री श्री सुभाष बगौली, श्री रोहित बिष्ट, श्रीमती हेमा जोशी, श्रीमती किरन देवी, श्री मनोज कालाकोटी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडे, विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी, सम्मानित राज्य आंदोलनकारी, मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, सम्मानित जनप्रतिनिधि और जनपद के विभिन्न नागरिक उपस्थित रहे।

