
चंपावत : राज्य स्थापना दिवस के पावन अवसर पर सोमवार को जिला सभागार में आयोजित स्वीप जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा सभी नागरिकों को लोकतंत्र को सुदृढ़ एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से मतदाता शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का संचालन स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया, जिसमें लोकतंत्र के महापर्व में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्र के लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सभी नागरिकों ने स्वर में स्वर मिलाते हुए शपथ ली कि वे भारत के लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को सदैव अक्षुण्ण रखेंगे। साथ ही, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को बनाए रखते हुए बिना किसी प्रलोभन या भय के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प लिया।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना तथा आमजन को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में सम्मानित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

