बागेश्वर:राज्य स्थापना दिवस पर आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों को किया सम्मानित, शहीदों को दी श्रद्धांजलि! Ashok gulati एडिटर इन चीफ

खबर शेयर करें -

बागेश्वर, 09 नवंबर|

उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद बागेश्वर में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कोतवाली स्थित शहीद स्मारक परिसर में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे एवं पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने पुष्पांजलि अर्पित कर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी तथा उनके त्याग और बलिदान को नमन किया।

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रातः एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में शामिल विद्यार्थियों ने “हमारा उत्तराखण्ड कैसा हो, शहीदों के सपनों जैसा हो”, “हमें चाहिए कैसा उत्तराखण्ड, शिक्षित उत्तराखण्ड, समृद्ध उत्तराखण्ड” तथा “सारी धरती सारा अंबर, हमको प्यारा नौ नवंबर” जैसे नारों के उद्घोष के साथ राज्य आंदोलन के शहीदों को भावपूर्ण स्मरण किया। इसके उपरांत खेल विभाग द्वारा क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया।

नुमाइशखेत मैदान में आयोजित सम्मान समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे एवं विधायक पार्वती दास ने किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। आंदोलनकारियों ने अपने संघर्ष के अनुभव साझा करते हुए राज्य के समग्र विकास, जनसमस्याओं के समाधान एवं बेहतर भविष्य के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। लोकगीतों एवं लोकनृत्यों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। साथ ही सूचना विभाग द्वारा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया, जिसमें राज्य में संचालित विकास कार्यों, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी संकलित की गई है।

नुमाइशखेत मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, उनकी पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। बड़ी संख्या में लोगों ने स्टॉलों का भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न विभागीय सेवाओं एवं योजनाओं का मौके पर ही लाभ उठाया।

जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे, विधायक पार्वती दास, नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल एवं दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग एवं बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों और योगदान के परिणामस्वरूप ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण संभव हो पाया। उन्होंने राज्य आंदोलन के शहीदों एवं आंदोलनकारियों के योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए उन्हें नमन किया।

वहीं, नुमाइशखेत मैदान में वॉलीबॉल खेल का आयोजन भी किया गया, जिसके माध्यम से युवाओं एवं आमजन को खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन दीप जोशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, उपजिलाधिकारी वैभव कांडपाल, तहसीलदार ऋतु गोस्वामी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, राज्य आंदोलनकारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad