
रानीखेत। खेल दिवस के अवसर पर खेल विभाग, अल्मोड़ा के तत्वावधान में 5 ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 7 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में सिटी मॉन्टेसरी स्कूल और चिलियानौला की टीम आमने-सामने रही। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चिलियानौला को 5-0 से पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया।
दूसरे मुकाबले में चिलियानौला-2 और कैंट इंटर कॉलेज के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। इसमें चिलियानौला-2 ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-1 से विजय हासिल की।
मैच में निर्णायक की भूमिका दीपक शर्मा एवं कुणाल बिष्ट ने निभाई, जबकि हर्षित आर्या ने ऑफिशियल के रूप में अपनी सेवाएं दीं।
इस अवसर पर जितेंद्र नेगी, दीपक बिष्ट, विक्रम फर्त्याल एवं जुबेद अहमद जी सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना तथा हॉकी के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।