


नैनीताल/कोटाबाग, 18 अगस्त |
राजकीय इंटर कॉलेज, सौड़, विकासखण्ड भीमताल में क्षेत्रीय विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं से संबंधित विभिन्न प्रकरणों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत एवं नैनीताल विधायक सरिता आर्य द्वारा की गई।
इस दौरान क्षेत्र का भ्रमण कर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र की जो भी समस्याएं हैं उनका प्राथमिकता से त्वरित समाधान कर निस्तारण करें।
बैठक में विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित अपने-अपने विभागों से जुड़े कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति से अवगत कराया।
इस दौरान पंगोट,घुग्घू, सिंगड़ी मार्ग की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा जो लगभग 2.74 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है उसे शीघ्र ही वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।
पी0एम0जी0एस0वाई मार्ग के क्षतिग्रस्त लगभग 500 से 700 मीटर हिस्से की मरम्मत के संबंध में लोनिवि को उक्त मार्ग को एक सप्ताह के भीतर नियमानुसार हस्तांतरण करने, संशोधित प्रस्ताव तैयार करने तथा पर्याप्त बजट के लिए इसे राज्य योजना में सम्मिलित कराने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में छड़ा मार्ग के लगभग 2.5 किलोमीटर छूटे हुए हिस्से को संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार शामिल कर शेष कार्य पूर्ण कराने को कहा गया।
वहीं बुधलाकोट क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति के लिए आरक्षित वन क्षेत्र में नई लाइन बिछाने की कठिनाइयों को देखते हुए विद्युत व उरेडा को लगभग 4.5 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा आधारित विशेष परियोजना का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभाग को कुनखेत तोक में विद्युत लाइन का कार्य वर्षा ऋतु समाप्त होते ही शीघ्र शुरू कराने को भी कहा गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने हरियाला मार्ग के निर्माण में अपेक्षित प्रगति न होने पर ठेकेदार के विरुद्ध अनुबंधीय प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अनुबंध निरस्त करने के निर्देश दिए गए।
बुधलाकोट पंगोट मार्ग के लिए वन क्षेत्र एवं वृक्षों को न्यूनतम क्षति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वैकल्पिक अलाइनमेंट का फ्रेश सर्वे कराने तथा संशोधित प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिये।
बैठक में राजकीय इंटर कॉलेज, सौड़ में विज्ञान वर्ग कक्ष का स्वीकृति का प्रस्ताव भी रखा गया। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी को निर्देश दिये कि आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर विज्ञान वर्ग स्वीकृत कराने हेतु तत्काल प्रस्ताव एवं पत्राचार शासन को भेजा जाय।
जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूर्ण होने के बावजूद पेयजल आपूर्ति शुरू न होने पर जल संस्थान/पेयजल निगम के अधिकारियों को तकनीकी बाधाओं का तत्काल निराकरण कर संबंधित परिवारों को शीघ्र पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम सभाओं की खुली बैठकों में एडीओ स्तर के अधिकारियों की अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिला विकास अधिकारी को सभी बीडीओ को पत्र जारी कर संबंधित विभागों के एडीओ स्तर के अधिकारियों की ग्राम सभाओं में सहभागिता सुनिश्चित कराने तथा ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही, की गई कार्यवाही एवं प्रगति से सक्षम स्तर को नियमित रूप से अवगत कराया जाए।
बैठक में उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, खण्ड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग के साथ ही विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी आदि मौजूद रहे।