बागेश्वर:स्वतंत्रता दिवस पर गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण; शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को नमन, मेधावी विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान! Ashok gulati एडिटर इन चीफ

खबर शेयर करें -

बागेश्वर, :

स्वतंत्रता दिवस पर बागेश्वर में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण; शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को नमन, मेधावी विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान|

जनपद बागेश्वर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ध्वजारोहण किया गया तथा देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

प्रातः 09 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने ध्वजारोहण कर जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के त्याग और बलिदान से हमें जो स्वतंत्रता प्राप्त हुई है, उसकी सार्थकता तभी है जब हम अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि देश एवं जनहित में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

इसके पश्चात नुमाइशखेत मैदान में आयोजित मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता अनगिनत वीरों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। आज का भारत उन सभी वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों का ऋणी है, जिन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के मूल्यों को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन से अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए राष्ट्र एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

मुख्य समारोह में नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता, विविधता एवं स्वतंत्रता के गौरव को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजन भगवती देवी, लोकतंत्र सेनानी बसंत बल्लभ पांडे तथा उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं गीतिका पंत, खुशी काण्डपाल, दिशा काण्डपाल, रोहित मेहता, विवेक, अनिशा, योगेश, लोकेश, नैन्सी, तमन्ना, साक्षी एवं रविकांत को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

इससे पूर्व विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा नगर में प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों एवं गीतों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस का संदेश दिया और लोगों में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना का संचार किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक पार्वती दास एवं नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने भी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक पार्वती दास, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad