


चम्पावत, 07 अगस्त |
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जनपद चम्पावत में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र-55 चम्पावत के बूथ राजकीय प्राथमिक विद्यालय, ढकना बडोला में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई एवं अभिलेख सत्यापन कार्य निरंतर किया जा रहा है।
एसआईआर के तहत एईआरओ/तहसीलदार श्री बृजमोहन आर्या ने बूथ का निरीक्षण कर प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की प्रगति, अभिलेखों के रख-रखाव तथा सुनवाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में सही एवं अद्यतन रूप से दर्ज करना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम अभी तक मैप नहीं हो पाए हैं अथवा जिनके विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति है, उनके निराकरण के लिए जनपद के सभी सुनवाई केंद्रों पर नियमित रूप से सुनवाई की जा रही है।
सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ)ने बताया कि बीएलओ, तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहकर आवश्यक अभिलेखों का परीक्षण कर रहे हैं और मतदाताओं के विवरण का सत्यापन एवं मैपिंग कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर उसका तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि यदि उनके नाम, पते अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है या उनका नाम अभी तक सत्यापित नहीं हो पाया है, तो वे निर्धारित सुनवाई केंद्रों पर आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर अपने दावे एवं आपत्तियां समय पर प्रस्तुत करें, जिससे निर्वाचक नामावली को पूर्णतः शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके।