चंपावत +स्थानीय पशुपालकों को प्रोत्साहन एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आईटीबीपी एवं पशुपालन विभाग उत्तराखंड के मध्य हुए एमओयू के अंतर्गत जनपद चम्पावत के स्थानीय पशुपालकों द्वारा 36वीं बटालियन आईटीबीपी, लोहाघाट को 376 किलो जिंदा मुर्गियों की सफलतापूर्वक आपूर्ति की गई।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार आपूर्ति की गई मुर्गियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने हेतु पशुपालन विभाग की टीम मौके पर उपस्थित रही। इस दौरान प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. टी.पी. यादव एवं सप्लाई ऑफिसर डॉ. दीपक कुमार द्वारा मुर्गियों के स्वास्थ्य, गुणवत्ता एवं मानकों का परीक्षण किया गया, ताकि निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप ही आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
आपूर्ति प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से 36वीं बटालियन आईटीबीपी के सेकेंड इन कमांड डॉ. सूबे सिंह, लाइन कमेटी सदस्यों तथा विजिलेंस टीम द्वारा भी संपूर्ण प्रक्रिया का निरीक्षण किया गया।….

यह पहल स्थानीय पशुपालकों के लिए आर्थिक रूप से लाभकारी साबित हो रही है, जिससे उन्हें अपने उत्पादों के लिए एक सुनिश्चित बाजार उपलब्ध हो रहा है। साथ ही सरकारी विभागों एवं सुरक्षा बलों के सहयोग से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।पशुपालन विभाग द्वारा बताया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाते हुए स्थानीय उत्पादकों को संस्थागत बाजार से जोड़ने के प्रयास जारी रहेंगे, जिससे स्वरोजगार एवं ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा मिल सके।