




चम्पावत, 19 नवम्बर ।
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशो के क्रम में जनपद में मतदाता सूची की स्क्रूटनी की जा रही है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी के नेतृत्व में यह कार्य संचालित किया जा रहा है।
गुरुवार को आपदा प्रबंधन कार्यालय में स्क्रूटनी कार्य के दौरान डॉ. नारायण सिंह, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी, लोहाघाट एवं डीएलएमटी पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ध्रुव रावत ने स्क्रुटनी टीम को तकनीकी एवं आईटी सदस्यों को तकनीकी सहायता प्रदान की।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 20 से 27 नवम्बर तक विशेष अभियान चलेगा। इस दौरान बीएलओ अपने बूथ की मतदाता सूची की गहन जांच करेंगे। नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है। दावे एवं आपत्तियां 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर तक प्रस्तुत की जा सकती हैं।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना और परिवार के अर्ह सदस्यों का नाम तथा विवरण मतदाता सूची में अवश्य जांचें। किसी त्रुटि या पात्र व्यक्ति का नाम छूटने पर निर्धारित अवधि में संबंधित बीएलओ के माध्यम से आवेदन करें।

