
बागेश्वर : पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेंद्र मेहरा (IPS) के दिशा-निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे अग्निशमन जनजागरूकता अभियान के तहत जनपद पुलिस द्वारा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है । आज प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चन्द्र पाठक के नेतृत्व में फायर सर्विस टीम ने जिम कॉर्बेट नेशनल स्कूल, बागेश्वर पहुँचकर विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं को अग्नि सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी।
टीम द्वारा विभिन्न प्रकार के अग्निशमन उपकरणों और अलग-अलग श्रेणी की आग को बुझाने की सही विधियों के बारे में विस्तार से समझाया गया। विद्यालय परिसर में कृत्रिम आग लगाकर छात्र-छात्राओं और स्टाफ को अग्निशमन यंत्रों के संचालन का लाइव डेमो दिया गया। बच्चों ने इस व्यावहारिक प्रशिक्षण में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आग बुझाने के गुर सीखे।
FSSO दिनेश चन्द्र पाठक ने सभी को आग से बचाव के उपाय बताते हुए अपील की कि किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल आपातकालीन नंबर 112 या नजदीकी फायर स्टेशन को सूचित करें, ताकि समय रहते जन-धन की हानि को रोका जा सके।

