






चम्पावत 19 नवम्बर ।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी, के मार्गदर्शन में गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज, चौमेल, जनपद चम्पावत में जिला प्रोबेशन कार्यालय के तत्वावधान में बाल विवाह की रोकथाम एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, इसके सामाजिक प्रभावों एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षिक विकास को प्रभावित करता है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य में बाधा उत्पन्न करता है।
इस अवसर पर बताया गया कि कानून के अनुसार विवाह हेतु बालिका की न्यूनतम आयु 18 वर्ष एवं बालक की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है। बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है। इसकी रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध जागरूक रहने, अपने आसपास बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करने तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग करने हेतु प्रेरित किया गया। इसी क्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में संरक्षण अधिकारी मीनू पंत त्रिपाठी, ममता जोशी (जेंडर स्पेशलिस्ट), सीमा (केस वर्कर), चाइल्ड हेल्पलाइन से प्रहलाद बोहरा एवं नर्मदा रावत, बाल विकास विभाग से भगवान सिंह फर्त्याल, गीता मेहता (पीएलवी), विद्यालय के अध्यापक जीवन सिंह, ईश्वर सिंह यादव, श्रीमती कृष्णा प्रिया जोशी, अनुज पंत, अशोक चंद एवं नीरज सिंह मेहर आदि उपस्थित रहे।

