


हल्द्वानी 19 नवम्बर |
एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान हल्द्वानी में 24 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेले की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर परियोजना निदेशक शिल्पी पंत की अध्यक्षता में खंड विकास कार्यालय हल्द्वानी के सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। मेले में देशभर से आने वाले स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए लगभग 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के स्टॉल भी मेले में स्थापित किए जाएंगे।
बैठक में जानकारी दी गई कि दिनांक 20 नवंबर 2026 से मेले में स्टॉल लगाने के इच्छुक समस्त स्वयं सहायता समूहों का ऑफलाइन पंजीकरण एमबी इंटर कॉलेज मैदान में ही प्रारंभ किया जाएगा। संबंधित समूहों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना पंजीकरण कराने की अपील की गई।
बैठक में मेले के दौरान स्टॉल आवंटन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी संबंधित विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करते हुए तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर जोर दिया गया, ताकि मेले में आने वाले प्रतिभागियों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला ग्रामीण महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण मंच है। मेले के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प एवं स्थानीय व्यंजनों को भी व्यापक पहचान मिलेगी।
बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पन्त, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्याल, जिला आपूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं रीप और एनआरएलएम परियोजना के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

