
जिले के धारी तहसील में विजिलेंस की टीम ने पटवारी को तीस हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। पटवारी ने एक ग्रामीण से जमीन की नापजोख के लिए रिश्वत की मांग की थी।
विभागीय टीम ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया है। जिसके घर पर भी छापेमारी चल रही है। विजिलेंस निदेशक डा. वी मुरुगेशन ने ट्रेप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम मौड़ा तहसील धारी के एक ग्रामीण ने बीते दिनों 1064 पर फोन कर क्षेत्र के पटवारी द्वारा भूमि की नापजोख के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। विजिलेंस की टीम ने जब जांच पड़ताल की तो प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये गए।विजिलेंस कार्यालय सेक्टर नैनीताल हल्द्वानी में आरोपित पटवारी निर्मल बोरा के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर ट्रेप टीम का गठन किया गया।
शनिवार को ट्रेप टीम ने तहसील से हल्द्वानी निवासी पटवारी को 30 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसपी दीपशिखा अग्रवाल ने बताया कि आरोपित से पूछताछ के साथ ही उसके घर पर भी टीम छापेमारी में लगी हुई है।