जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश—अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचे सरकारी योजनाओं का लाभ

चंपावत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में चम्पावत जनपद में 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान की मुख्य विषयवस्तु माननीय प्रधानमंत्री के निर्णय, नीतियाँ, उपलब्धियाँ एवं “विकसित भारत 2047” पर केंद्रित है।
अभियान के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ (सेवा सेतु) कार्यक्रम के तहत न्याय पंचायतवार बहुउद्देशीय शिविरों/कैम्पों का आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि “सेवा संकल्प माह के तहत जनपद में ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम को पुनः शुरू किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सभी संबंधित विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुँचेंगे, ताकि उन सामान्य नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जा सके जो दूर होने या अन्य कठिनाइयों के कारण सरकारी कार्यालयों तक नहीं पहुँच पाते हैं।
उन्होंने बताया कि तृतीय चरण के दौरान जिले में लगभग 10 स्थानों पर इन बहुउद्देशीय कैम्पों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 23 प्रमुख विभागों की सेवाएँ और सुविधाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएँगी। जिले के शीर्षतम अधिकारी स्वयं जनता के बीच पहुँचकर उनकी शिकायतें, सुझाव और अपेक्षाएँ दर्ज करेंगे। साथ ही, वे योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे ताकि सभी शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सुचारू रूप से पहुँचाया जा सके।
जिले में विभिन्न तिथियों पर रोस्टर के अनुसार बहुउद्देशीय कैम्पों का आयोजन किया जाएगा:
22 सितम्बर (मंगलवार): राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज टनकपुर (विकास खण्ड- चम्पावत, न्याय पंचायत- मोहनपुर)
24 सितम्बर (गुरुवार): राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगदा (विकास खण्ड- बाराकोट, न्याय पंचायत- सिगदा)
26 सितम्बर (शनिवार): राजकीय प्राथमिक विद्यालय पिपलाटी (विकास खण्ड- पाटी, न्याय पंचायत- कमलेख)
29 सितम्बर (मंगलवार): राजकीय इण्टर कॉलेज पुल्ला (विकास खण्ड- लोहाघाट, न्याय पंचायत- डुमडाई)
01 अक्टूबर (गुरुवार): रामलीला प्रांगण धूरा (विकास खण्ड- चम्पावत, न्याय पंचायत- बमनजौल)
06 अक्टूबर (मंगलवार): राजकीय इण्टर कॉलेज सल्ली (विकास खण्ड- चम्पावत, न्याय पंचायत- दुबडजैनल)
08 अक्टूबर (गुरुवार): राजकीय प्राथमिक विद्यालय नीड़ तल्ली (विकास खण्ड- चम्पावत, न्याय पंचायत- दुबडजैनल)
13 अक्टूबर (मंगलवार): राजकीय इण्टर कॉलेज दुबचौड़ा (विकास खण्ड- चम्पावत, न्याय पंचायत- सिप्टी)
15 अक्टूबर (गुरुवार): स्नातकोत्तर महाविद्यालय अमोड़ी (विकास खण्ड- चम्पावत, न्याय पंचायत- स्वाला)
17 अक्टूबर (शनिवार): राजकीय इण्टर कॉलेज दसलेख मडुवा (विकास खण्ड- लोहाघाट, न्याय पंचायत- रौसाल)
कैम्पों में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, समाज कल्याण, सैनिक कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, गृह, श्रम, स्वास्थ्य, आयुष, पशुपालन/मत्स्य, ऊर्जा, सहकारिता, लोनिवि, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, वन, कौशल विकास, आपदा प्रबन्धन तथा बैंकिंग/वित्तीय संस्थानों सहित कुल 23 विभागों की स्टॉलें लगाई जाएँगी और अधिकारी मौजूद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया जाए। शिविर समाप्ति के उपरांत सभी अधिकारी निकटतम गाँव का भ्रमण कर शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों के आवेदन पत्र भरवाएँगे। प्राप्त शिकायतों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।