18 से 20 सितम्बर तक न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं और जांचों का मिलेगा निःशुल्क लाभ

चंपावत :मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में आमजन को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत जिला अस्पताल चम्पावत में तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ शिविर आज 18 सितम्बर से प्रारंभ हो रहा है। शिविर 20 सितम्बर तक चलेगा, जिसमें अपोलो अस्पताल, नई दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम क्षेत्रवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श देगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी एवं जनरल फिजिशियन सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी), पीएफटी (पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट), ईसीजी, ब्लड प्रेशर, आरबीएस (रैंडम ब्लड शुगर) एवं विभिन्न रक्त जांचें निःशुल्क की जाएंगी।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना शासन एवं प्रशासन की प्राथमिकता है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से जनपदवासियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे आज से शुरू हो रहे तीन दिवसीय निःशुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिविर में आने वाले मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।