


पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर ठगी में बैंक खातों/UPI के दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जनपद बागेश्वर पुलिस द्वारा म्यूल खातों के विरुद्ध जागरूकता एवं काउंसलिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत पुलिस द्वारा चिन्हित खाताधारकों से संपर्क कर उनकी काउंसलिंग की गई तथा उन्हें साइबर अपराधियों द्वारा बैंक खातों, UPI एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के दुरुपयोग से होने वाले कानूनी एवं वित्तीय नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस द्वारा खाताधारकों को समझाया गया कि किसी भी लालच, कमीशन अथवा आर्थिक लाभ के बदले अपना बैंक खाता, ATM/डेबिट कार्ड, UPI आईडी, इंटरनेट बैंकिंग अथवा अन्य बैंकिंग जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं। ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध की रकम को इधर-उधर करने में किया जा सकता है, जिससे खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई की जद में आ सकता है।
इस दौरान चिन्हित खाताधारकों व आम जनमानस को साइबर अपराध से दूर रहने एवं अपने बैंक खाते/UPI का दुरुपयोग न होने देने की शपथ भी दिलाई गई।