






✅अधिवक्ता चैम्बर, सुगम वाहन पार्किंग एवं आधुनिक ई-लाइब्रेरी की स्थापना की घोषणा
✅न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं नागरिकों के अधिकारों की रक्षा में अधिवक्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण : मुख्यमंत्री
चंपावत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जनपद चम्पावत में आयोजित जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। समारोह में केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार श्री अजय टम्टा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री ने नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए न्याय एवं जनहित के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिला बार एसोसिएशन, चम्पावत में अधिवक्ताओं के बैठने हेतु अधिवक्ता चैम्बर के निर्माण, सुगम वाहन पार्किंग एवं आधुनिक डिजिटल पुस्तकालय (ई-लाइब्रेरी) की स्थापना की घोषणा की। इन सुविधाओं के विकसित होने से अधिवक्ताओं को कार्य करने के लिए बेहतर वातावरण, सुविधाजनक पार्किंग तथा विधिक अध्ययन एवं संदर्भ सामग्री तक डिजिटल पहुंच उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। आम नागरिकों को न्याय दिलाने, उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने तथा समाज में न्याय एवं समानता की भावना को मजबूत बनाने में अधिवक्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने में भी अधिवक्ता सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार न्यायिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को सरल, सुलभ एवं समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिवक्ताओं के सहयोग एवं सकारात्मक सुझावों से न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के हितों के संरक्षण के साथ ही न्यायिक व्यवस्था की गरिमा बनाए रखने और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
केंद्रीय मंत्री श्री अजय टम्टा ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। अधिवक्ता नागरिकों को न्याय दिलाने के साथ ही समाज में कानून के प्रति विश्वास एवं जागरूकता बढ़ाने का कार्य करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के हितों के संरक्षण तथा आमजन को सुलभ न्याय दिलाने की दिशा में समर्पित भाव से कार्य करेगी।
इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री भास्कर मुरारी, सचिव श्री गुणानन्द थ्वाल, उपाध्यक्ष श्री अशोक चौधरी, उपसचिव श्रीमती मनीषा उप्रेती, कोषाध्यक्ष श्री सुधीर चतुर्वेदी एवं अधिवक्ता श्री गौरव पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

