

बागेश्वर :पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत थानाध्यक्ष कपकोट प्रताप सिंह नगरकोटी ने राजकीय इंटर कालेज असों में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को नशे के घातक सामाजिक व शारीरिक दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। टीम ने युवाओं से नशे की लत से दूर रहने तथा समाज को पूरी तरह नशामुक्त बनाने में पुलिस का सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
छात्राओं को ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में बताया गया। साथ ही उत्तराखंड पुलिस के गौरा शक्ति ऐप की उपयोगिता बताते हुए छात्राओं को गौरा शक्ति एप की कार्यशैली से अवगत करवाया गया।
साइबर अपराधों से बचाव के लिए पुलिस टीम ने किसी भी अज्ञात कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी, बैंक खाते या एटीएम संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने की सख्त हिदायत दी। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को सड़क पर यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी।