








चंपावत : राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को चम्पावत में राज्य/जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य सेवा सदन, देहरादून से मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा योजना का शुभारंभ किया गया, जिसका विकास भवन सभागार, चम्पावत में वर्चुअल माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया।
विकास भवन सभागार में मुख्य अतिथि दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय की उपस्थिति एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री जीएस खाती की अध्यक्षता में MUY चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मा. मुख्यमंत्री के संबोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना गांव-गांव में उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ ही युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा पलायन को रोकने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर जनपद चम्पावत में उद्यमिता एवं महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनीं श्रीमती हेमा उपाध्याय, श्रीमती लक्ष्मी जोशी एवं श्रीमती कंचन देवी सहित राज्य की अन्य महिला उद्यमियों को मा. मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
जनपद में उत्कृष्ट उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सुश्री लक्षिता जोशी, सुश्री अपर्णा पनेरू, श्री देवेन्द्र कुमार, श्री निखिल अधिकारी, श्रीमती कलावती देवी, श्रीमती बबीता चौधरी, श्रीमती माया बिष्ट, श्रीमती शोभा तड़ागी एवं श्रीमती गीता देवी को उत्कृष्ट उद्यमी प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त 8 उद्यमियों को सब्सिडी राशि के चेक प्रदान किए गए। इनमें श्री ओमप्रकाश जोशी, श्री कुंवर सिंह, श्री हरीश राय, श्री राजेश सार्की, श्री विक्रम सिंह भंडारी एवं श्री भुवन चंद को 90-90 हजार रुपये तथा श्री शिवदत्त पाटनी एवं श्री तुलाराम को 30-30 हजार रुपये की सब्सिडी राशि के चेक प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान आधुनिक एलईडी डिस्प्ले, ऑडियो-वीडियो प्रचार तंत्र एवं प्रचार सामग्री से सुसज्जित MUY IEC वैन को मुख्य अतिथि श्री श्याम नारायण पाण्डेय, अन्य जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन 21 से 27 अगस्त 2026 तक जनपद के विकासखंड चम्पावत, लोहाघाट, पाटी एवं बाराकोट के विभिन्न दूरस्थ गांवों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचेगी।
IEC वैन के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमियों को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही इच्छुक लोगों को उद्यम स्थापना, प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग, बाजार से जुड़ाव एवं उद्यमी पंजीकरण के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर स्वयं सहायता समूहों एवं युवाओं के लिए पंजीकरण डेस्क, उत्पाद एवं उद्यम प्रदर्शनी, रेखीय विभागों के मार्गदर्शन सत्र तथा बैंकिंग एवं ऋण सुविधा सहायता डेस्क भी स्थापित किए गए, जिससे प्रतिभागियों को एक ही स्थान पर उद्यमिता से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अंचला बोहरा, दायित्वधारी श्री मनोज कालाकोटी, दायित्वधारी श्री मुकेश महराना एवं दायित्वधारी श्री रोहित बिष्ट, श्री कैलाश अधिकारी, परियोजना निदेशक श्री अजय सिंह, एपीडी सुश्री विम्मी जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी श्री डी. कुमार सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, उद्यमी एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्य उपस्थित रहे।