”23 वाहनों के चालान काटे, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 10 वाहनों को मौके पर ही सीज़ कर दिया गया”…


रुद्रपुर:
सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने पूरी तरह कमर कस ली है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रुद्रपुर श्री नवीन सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को चलाए गए सघन चेकिंग अभियान से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान विभाग ने कुल 23 वाहनों के चालान काटे, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 10 वाहनों को मौके पर ही सीज़ कर दिया गया।
यात्री और मालवाहकों पर बराबर की कार्रवाई
अभियान की जानकारी देते हुए एआरटीओ रुद्रपुर ने बताया कि चेकिंग के दौरान किसी भी श्रेणी के वाहन को बख्शा नहीं गया। सीज़ किए गए 10 वाहनों में 5 यात्री वाहन और 5 मालवाहक (गुड्स) वाहन शामिल हैं। इसके अलावा क्षमता से अधिक सवारी और माल ढोने वालों पर शिकंजा कसते हुए ओवरलोडिंग के आरोप में 4 यात्री वाहनों और 3 मालवाहक वाहनों के खिलाफ चालान व जब्ती की सख्त कार्रवाई की गई।
बिना वैध दस्तावेजों के दौड़ रहे थे वाहन
कार्रवाई के दौरान कई ऐसे चौंकाने वाले मामले भी सामने आए जहां वाहन स्वामी बुनियादी नियमों को ठेंगा दिखा रहे थे। बिना फिटनेस प्रमाण पत्र, बिना वैध परमिट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस (DL) और बिना रोड टैक्स चुकाए सड़कों पर सरपट दौड़ रहे 3 वाहनों को टीम ने मौके पर ही पकड़कर उन पर नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की।
”यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना वैध दस्तावेजों और क्षमता से अधिक भार (ओवरलोड) लेकर चलने वाले वाहनों के खिलाफ विभाग ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहा है। यह चेकिंग अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।”