












चंपावत 2 अक्टूबर|
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर जिला उद्योग केंद्र द्वारा पुनेठी स्थित हिमाद्री एम्पोरियम में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस विशेष अवसर पर स्थानीय उत्पादों और खादी को बढ़ावा देने हेतु विशेष स्टॉल लगाए गए तथा आमजन को स्वदेशी अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनपद में खादी एवं स्थानीय उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा क्षेत्रीय स्वरोजगार एवं उद्यमिता को नया आयाम देना रहा।
समारोह के दौरान जनपद में स्वदेशी उत्पादों के निर्माण एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्थानीय उद्यमियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही, केंद्र में आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनी मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के चयनित लाभार्थियों को विधिवत प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में खादी को स्वावलंबन का आधार बताते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर बल दिया।
इस गरिमामय आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पांडेय, विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सहित खादी ग्रामोद्योग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय उद्यमी उपस्थित रहे।