

चंपावत :भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी /जिलानिर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में सोमवार कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के संबंध में बैठक आयोजित की गई।इस दौरान 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची की प्रतियाँ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करायी गयी।
बैठक में बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 01 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। 14 जुलाई से 11 सितम्बर 2026 तक नोटिस जारी करने एवं दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है तथा 15 सितम्बर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जनपद चम्पावत की विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन कर दिया गया है। मतदाता सूची बीएलओ, तहसील कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर बीएलओ के माध्यम से अथवा ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं यदि किसी मतदाता की मृत्यु हो चुकी है, वह संबंधित क्षेत्र में निवास नहीं करता अथवा नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि है, तो उसके संशोधन अथवा विलोपन के लिए भी निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची में दर्ज विसंगतियों एवं ASD (Absent, Shifted, Dead) सूची का भी परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे उपलब्ध कराई गई सूचियों का अध्ययन कर आवश्यक सुझाव एवं आपत्तियां समयबद्ध रूप से प्रस्तुत करें, जिससे मतदाता सूची अधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके।
अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया है कि मतदाता सूची को त्रुटि रहित बनाने के लिए सभी बीएलओ एवं एईआरओ के साथ निरंतर बैठक की जा रही है तथा सभी को मतदाता सूची को त्रुटि रहित बनाने के लिए प्राप्त आपत्तियों पर गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए जा रहे है ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा अपात्र व्यक्ति का नाम किसी भी दशा में मतदाता सूची में शामिल न हो सके।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद में मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय एवं तहसीलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं।
बैठक में लोहाघाट विधानसभा से बीजेपी प्रतिनिधि श्री सतीश चन्द्र पाण्डेय, चम्पावत विधानसभा से बीजेपी प्रतिनिधि श्री शंकर दत्त पाण्डेय, कांग्रेस के प्रतिनिधि धीरज सिंह, बीजेपी से रोहित बिष्ट, बसपा के जिलाध्यक्ष राम नरेश, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीएस अधिकारी सहित संबंधित निर्वाचन अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।