

बागेश्वर : पुलिस अधीक्षक बागेश्वर द्वारा अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखने के निर्देशों के अनुपालन में, बारिश के दौरान जनसुरक्षा एवं राहत-बचाव कार्यों को प्राथमिकता देते हुए कपकोट क्षेत्र के अंतर्गत फायर रेस्क्यू टीम को फायर स्टेशन बागेश्वर को सूचना मिली कि कांडाधार पेट्रोल पंप से आगे सड़क से करीब 20 मीटर नीचे एक गाय घायल हालत में खाई में फंसी है। सूचना मिलते ही स्टेशन इंचार्ज एलएफएम त्रिलोक राम के मार्गदर्शन में फायर रेस्क्यू यूनिट तुरंत मौके पर पहुंची।
खाई अत्यंत गहरी और दुर्गम होने के कारण गाय को सामान्य तरीके से निकालना असंभव था। इस पर रेस्क्यू टीम ने तुरंत जिला आपदा प्रबंधन से संपर्क कर मौके पर JCB मशीन मंगवाई। इसके बाद एक बेहद तकनीकी ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें JCB पर रस्सियों के सहारे बेस तैयार किया गया। बेस में कैराविनर और पुली अटैच कर रस्सियों को खाई में उतारा गया।
रेस्क्यू कर्मियों ने खुद खाई में उतरकर घायल गाय को ‘एनिमल रेस्क्यू स्ट्रेचर’ में सुरक्षित लिटाया और रस्सियों से बांधा। इसके बाद फायर टीम और स्थानीय लोगों ने पुली के सहारे रस्सी को खींचकर गाय को सुरक्षित रूप से खाई से बाहर निकाला। गाय को सड़क के पास सुरक्षित स्थान पर लाकर स्थानीय नागरिकों की देखरेख में सौंप दिया गया है, जहां पशु चिकित्सक द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है।
इस पूरे ऑपरेशन में किसी भी प्रकार का अन्य नुकसान नहीं हुआ।