
चंपावत +जनपद में आगामी 16 जुलाई को मनाए जाने वाले लोक पर्व ‘हरेला महोत्सव’ को व्यापक और भव्य स्तर पर मनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की गई है।
इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती की अध्यक्षता में जिला सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान सीडीओ ने सभी विभागों के अधिकारियों को महोत्सव की तैयारियां समय से पूरी करने और पौधारोपण अभियान को वृहद स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती ने बताया कि इस वर्ष हरेला महोत्सव का मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम पुनेठी में आयोजित किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण के इस महाभियान को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि जहां-जहां भी पौधारोपण किया जाना है, वहां पौधे लगाने से पहले और पौधे लगाने के बाद की जियो-टैग फोटोग्राफ्स अनिवार्य रूप से ली जाएं।
इन सभी तस्वीरों को वन विभाग के माध्यम से भारत सरकार के ‘मेरी लाइफ’ पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, ताकि अभियान की सटीक मॉनिटरिंग हो सके।
पौधारोपण के लक्ष्यों की जानकारी देते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि हरेला पर्व के अवसर पर अकेले वन विभाग द्वारा 60 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके अलावा ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग, जलागम, जल निगम, जल संस्थान और नगर पालिका चम्पावत, लोहाघाट, टनकपुर व बनबसा व रेशम विभाग सहित अन्य सभी सरकारी विभागों द्वारा भी बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जाएंगे।
इस अवसर पर सीडीओ ने समस्त जनपद वासियों से भी पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि हरेला महोत्सव के दौरान हर नागरिक ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कम से कम एक पौधा जरूर लगाए और उसकी देखरेख का संकल्प ले।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, एसडीओ फॉरेस्ट सुनील कुमार, परियोजना निदेशक अजय सिंह, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।