




हल्द्वानी 18 जून ।
नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद श्री अजय भट्ट ने बुधवार को सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचकर कालाढूंगी के लाल मिट्टी क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में घायल यात्रियों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती सभी घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
बीते रोज कालाढूंगी के लाल मिट्टी क्षेत्र में एक टेंपो ट्रैवलर के ब्रेक फेल होने से दुर्घटना घटित हो गई थी, जिसमें 27 यात्री घायल हो गए थे। सभी घायलों का उपचार सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल पहुंचकर सांसद श्री भट्ट ने चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रशासन से घायलों के उपचार की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल के प्राचार्य को निर्देशित किया कि सभी घायलों को सर्वाेत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनके उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घायल की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जाए और आवश्यकतानुसार बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए।
सांसद श्री भट्ट ने कहा कि प्रदेश सरकार और प्रशासन पीड़ितों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके परिजनों को भी ढांढस बंधाया।