



हल्द्वानी : भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ कार्यक्रम का व्यापक आयोजन किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रायल के निर्देशानुसार अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के साथ ही स्वच्छता को जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करना है।
इसी क्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रतिभाग करते हुए सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की। इस दौरान लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, कूड़े को निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के तहत स्वच्छता श्रमदान, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, स्वच्छता जागरूकता रैलियां, जनसंवाद, स्वच्छता शपथ तथा अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागों एवं स्थानीय निकायों को अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी के माध्यम से ही स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ जनपद का निर्माण किया जा सकता है।