


भीमताल : लेक्स इंटरनेशनल स्कूल, में शिक्षक दिवस आयोजित कर शिक्षक सम्मान दिवस मनाया गया। इस वर्ष पांच सितम्बर को वर्षा के कारण आपातकालीन अवकाश घोषित किया गया था, जिससे इस दिन शिक्षक दिवस आयोजित नहीं हो पाया। विद्यार्थियों के बहुत आग्रह पर आज शिक्षक दिवस आयोजित किया गया। प्रातः प्रार्थना सभा में हिन्दी अध्यापिका डॉक्टर नीता पंत ने रोचक समाचार, शिक्षिका उमा धानिक ने हिंदी में, इन्द्रा सिन्हा ने अंग्रेजी में अपने विचार रखे, म्यूजिकल चेयर रेस में समाजिक विषय की शिक्षिका रिमझिम डे विजयी रही, कक्षा बारहवीं और शिक्षकों के बीच वॉलीबॉल में कड़े मुकाबले का सामना कर शिक्षकों ने 21-18 और 21-20 से जीत दर्ज की।
विदयालय सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का प्रधानाचार्य / निदेशक श्री एस०एस०नेगी एवं वरिष्ठ शिक्षक एस०आर०जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर शिक्षक वर्ग की ओर से प्रधानाचार्य/निदेशक श्री एस॰एस॰नेगी जी को शाल ओढ़ाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। शिक्षक वर्ग की ओर से ईश्वर तुझे हैं कहते’ और ‘सजन रे झूठ मत बोलो’ गीत प्रस्तुत किया, वाणिज्य शिक्षक राकेश अधिकारी, डॉ० नीता पंत, वयोवृद्ध शिक्षक एस०आर०जायसवाल, कम्प्यूटर शिक्षक अहीन पाण्डे, संगीत शिक्षक अजय कुमार ने व्यक्तिगत रूप से गीत प्रस्तुत किए। कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों ने समूह गान और आकर्षक नृत्य पेश किया। विद्यालय और शिक्षकों से अभिलाषा विषय पर बारहवी के विद्यार्थी आयुष जोशी ने हिंदी में और अर्पिता राणा ने अंग्रेजी में अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों को व्यक्तिगत रूप से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य/निदेशक श्री एस०एस०नेगी ने सभी विद्यार्थियों को इस प्रकार के भव्य आयोजन के लिए धन्यवाद दिया और डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन एवं राष्ट्रपति श्री शंकर दयाल शर्मा से जुड़े प्रकरणों को याद करते हुए सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं और बधाई प्रेषित की। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक कर्मचारी, अभिभावक उपस्थित थे। राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों अर्पिता राणा, अनुज बजेठा, हर्षिता पंत, हंसिका भण्डारी, कार्तिक रावत और आयुष जोशी ने किया। कार्यक्रम के उपरांत सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को भोजन कराया गया।