





चंपावत 04 सितंबर ।
जनपद के अंतिम छोर तक पहुंचा प्रशासन, जिलाधिकारी ने स्कूल से लेकर सड़कों और पेयजल योजनाओं का लिया जायजा
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सीमांत गांव सल्ली का किया स्थलीय निरीक्षण, सड़कों व पेयजल योजनाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश
जनपद के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा शुक्रवार को सीमांत ग्राम सल्ली का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया गया।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने गांव में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा स्थानीय ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सल्ली में अवस्थापना सुविधाओं स्तर का जायजा लिया।
इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं में सुधार हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने बताया कि दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘विद्या वाहिनी’ कार्यक्रम के अंतर्गत बस सेवा का सफल संचालन प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे छात्र-छात्राओं को आवाजाही में बड़ी राहत मिल रही है।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही क्षेत्रवासियों की मांग को देखते हुए विद्यालय के उच्चीकरण हेतु प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।
स्थलीय भ्रमण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं व आवश्यकताओं के संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपे गए।
इन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने गांव में सुरक्षा घेराबंदी (घेरवाड़) के निर्माण तथा नई पेयजल कनेक्टिविटी से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, विगत दिनों हुई मानसूनी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुई ग्रामीण सड़कों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रभावित मार्गों का तत्काल सुधारीकरण व मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीमांत क्षेत्रों में जनसुविधाओं को बहाल करना मा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंपावत श्री हितेश कांडपाल, अधिशासी अभियंता प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना श्री बीरेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी चंपावत श्री अशोक अधिकारी, संबंधित क्षेत्र के पटवारी, प्रधान प्रतिनिधि सल्ली श्री पूरन सिंह रावत, पूर्व प्रधान सहित ग्रामीण व अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।