
चम्पावत 04 सितम्बर, ।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण: जनपद में माह अगस्त में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज 84.19% शिकायतों का हुआ निस्तारण|
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश भर में जनसमस्याओं के निस्तारण का अत्यंत प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। आम जनता की समस्याओं एवं शिकायतों का पारदर्शी, त्वरित तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण राज्य सरकार की मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे आमजन को विभिन्न विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का घर बैठे ही समयबद्ध समाधान संभव हो सके।
इसी क्रम में, माह अगस्त 2026 में जनपद चम्पावत में ‘सीएम हेल्पलाइन 1905’ पोर्टल के माध्यम से कुल 32 विभागों में 702 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इनमें से मुख्य रूप से उत्तराखंड जल संस्थान, राजस्व विभाग, उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, पुलिस विभाग तथा ग्राम्य विकास विभाग जैसे प्रमुख विभागों में अधिकांश शिकायतें दर्ज की गईं।
जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राप्त 702 शिकायतों में से 591 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण कर दिया गया है, जो कि कुल प्राप्त शिकायतों का 84.19 प्रतिशत है। शेष शिकायतों पर भी तीव्र गति से कार्रवाई जारी है, तथा उनके निराकरण की कार्यवाही गतिमान है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि आमजन की समस्याओं का निस्तारण केवल कागजी न होकर धरातल पर त्वरित तथा प्रभावी रूप से होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान से न केवल आम जनता को बड़ी राहत मिल रही है, बल्कि शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास भी और अधिक मजबूत हो रहा है।