नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की जीवंत प्रस्तुति दी। पारंपरिक पीतांबरी वस्त्र, सिर पर मोरपंख और हाथों में बांसुरी थामे छोटे बच्चों ने अपनी मासूम मुस्कान तथा नटखट हरकतों से सभी का दिल जीत लिया।…


























रानीखेत -माखन की मटकी, हाथ में बांसुरी और सिर पर मोरपंख सजाए नन्हे कान्हाओं ने अपनी मासूमियत से समां बांध दिया। दृश्य था श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सांस्कृतिक समिति रानीखेत द्वारा आयोजित क्यूट कान्हा प्रतियोगिता का । प्रतियोगिता में नन्हे मुन्ने कान्हाओं की नटखट अदाओं और बाल-सुलभ चेष्टाओं ने सभी दर्शकों और निर्णायकों का मन मोह लिया। नन्हे बाल-गोपालों के रूप में सजे बच्चों की किलकारियों और उनके मनमोहक अभिनय से पूरा प्रांगण कृष्णमयी हो गया।

सांस्कृतिक समिति द्वारा विगत वर्षों की भांति इस बार भी शिव मंदिर के पंचेश्वर सभागार में क्यूट कान्हा प्रतियोगिता आयोजित की गई।’क्यूट कान्हा प्रतियोगिता’ में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की जीवंत प्रस्तुति दी। पारंपरिक पीतांबरी वस्त्र, सिर पर मोरपंख और हाथों में बांसुरी थामे छोटे बच्चों ने अपनी मासूम मुस्कान तथा नटखट हरकतों से सभी का दिल जीत लिया।



मंच पर आते ही किसी बच्चे की ठुमक-ठुमक कर चलती चाल, तो किसी की माखन खाने की अभिनय कला ने दर्शकों की तालियों से पूरा सभागार गुंजायमान कर दिया। निर्णायकों के लिए भी इन मासूमों में से श्रेष्ठ का चुनाव करना अत्यंत कठिन रहा। अंत में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले बाल-गोपालों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। 0-1आयु वर्ग में दिव्यान सिंह प्रथम,गौरांशी पंत द्वितीय और चैतन्य रिखाडी़ तृतीय स्थान पर रहे।1-3आयु वर्ग में सान्वी वर्मा प्रथम, अनन्त चौरसिया द्वितीय और मेघांश भट्ट तृतीय स्थान पर रहे, वहीं 3-5आयु वर्ग में क्रियांश साह प्रथम, लुभावनी कांडपाल द्वितीय और कृतिका पंत तृतीय स्थान पर रहे।अन्य सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया।इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती ने अपने संबोधन में बताया कि बच्चों के लिए यह प्रतियोगिता पिछले सात साल से आयोजित की जा रही है। भविष्य में भी समिति सभी को प्रतियोगिताओं के माध्यम से मंच प्रदान करती रहेगी। प्रतियोगिता के निर्णायक ज्योति साह व डॉ विनीता खाती रहे। संचालन दीपक पंत ने किया। प्रायोजक बबीता पंत , जगदीश अग्रवाल व सांस्कृतिक समिति सदस्यों ने पुरस्कार वितरित किए।…..
इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति के संरक्षक हरीश लाल साह, राजेन्द्र पंत, संजय पंत , गौरव तिवारी, रीना वर्मा, अभिषेक कांडपाल, अशोक पंत, गौरव तिवारी, सोनू सिद्दीकी, कुलदीप कुमार, शेर सिंह राणा आदि मौजूद रहे।