नशे से दूर रहकर एक स्वस्थ व सशक्त उत्तराखंड का निर्माण करें युवा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी



‘
बनबसा :प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत जनपद चम्पावत के बनबसा स्थित एन.एच.पी.सी. हेलीपैड पहुँचे, जहाँ विभिन्न वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका पुष्पगुच्छ एवं सूत की माला भेंट कर भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया।
तत्पश्चात मुख्यमंत्री ने नशामुक्त देवभूमि उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित ‘नशामुक्ति सद्भावना दौड़’ कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभाग कर रहे युवा बालक-बालिकाओं की दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहकर एक स्वस्थ, नशामुक्त और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इसके उपरांत, मुख्यमंत्री द्वारा बनबसा के पाटनी तिराहे पर पूर्ण विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ पूजा-अर्चना की। तदोपरांत उन्होंने लगभग 11 फीट ऊंची भव्य श्री हनुमान जी की प्रतिमा का अनावरण किया। अनावरण के इस शुभ अवसर पर आयोजित भक्तिमय ‘सुंदरकांड पाठ’ में भी मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव के साथ भाग लिया। इस दौरान ‘जय श्री राम कीर्तन मंडल’ द्वारा मनमोहक भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण राममय व भक्तिमय हो उठा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए पाटनी तिराहे का नाम परिवर्तित कर ‘हनुमान चौक’ किए जाने की घोषणा की। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों पर भगवान श्री राम एवं श्री हनुमान जी की असीम कृपा बने रहने की प्रार्थना की।
नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए मुख्यमंत्री ने उपस्थित मातृशक्ति को नमन किया और राज्य की उन्नति व प्रगति में उनके महत्वपूर्ण योगदान को सराहा।
जनसंबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के विजन और संकल्प को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है तथा प्रदेश में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संकल्प आज धरातल पर पूरी तरह साकार हो रहा है।
उत्तराखंड को ‘देवभूमि’ के साथ-साथ ‘सैन्यभूमि’ बताते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हमारी सरकार देश की रक्षा में समर्पित वीर सैनिकों एवं उनके परिवारों के हितों व कल्याण के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है।
प्रदेश सरकार के निर्णयों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी एवं सार्वजनिक जमीनों पर किए गए अवैध अतिक्रमण और कब्जों के खिलाफ राज्य में सख्त और पारदर्शी अभियान चलाया गया है, जिसके फलस्वरूप सैकड़ों एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। इसके साथ ही, देश का सबसे कड़ा ‘नकल-विरोधी कानून’ लागू होने से राज्य की भर्ती परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता आई है, जिसकी बदौलत अब तक प्रदेश के 33,000 से अधिक योग्य एवं मेधावी युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी रोजगार प्राप्त हुआ है।उन्होंने विश्वास दिलाया कि उत्तराखंड में विकास की यह तेज रफ्तार कभी रुकेगी नहीं, बल्कि निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।
धार्मिक अनुष्ठान एवं भव्य कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उपस्थित जनसमुदाय और श्रद्धालुओं के बीच स्वयं जाकर बड़ी ही श्रद्धा और आत्मीयता के साथ प्रसाद का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने आम जनता से सीधे संवाद किया, उनका हाल-चाल जाना और बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर इस दौरान दर्जाधारी श्री सुभाष बगौली, श्रीमती हेमा जोशी, श्री मनोज कालाकोटी, श्रीमती किरण देवी, ….

पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष श्री भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर श्री दीपक रजवार , भाजपा जिला प्रभारी श्री गुंजन सुखीजा, नगरपालिका परिषद टनकपुर श्री विपिन कुमार, नगर पंचायत परिषद बनबसा अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवी, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव, एसडीएम प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि समूह की महिलाएं, बड़ी संख्या में खिलाड़ी व नागरिक सहित अन्य उपस्थित रहे।

