


बागेश्वर:|
कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने आम जनमानस के साथ किया जन-संवाद, साइबर सुरक्षा,’गौरा शक्ति एप’ एवं डायल 112 के प्रचार-प्रसार हेतु चलाया गया जागरूकता अभियान।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा आम जनमानस, युवाओं एवं महिलाओं की सुरक्षा, सहायता तथा सामुदायिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में कोतवाली बैजनाथ पुलिस द्वारा आम जनमानस के साथ संवाद स्थापित किया गया और महत्वपूर्ण विषयों पर जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
सर्वप्रथम पुलिस टीम ने आमजनमानस एवं स्थानीय महिलाओं से मुलाकात कर उनका कुशल-क्षेम की जानकारी ली । इस दौरान उन्हें कानून एवं व्यवस्था, यातायात नियमों व किसी भी समस्या या असामाजिक गतिविधि की सूचना बिना किसी भय के तत्काल पुलिस को डायल 112 के माध्यम से देंने हेतु जागरूक किया गया। वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी (OTP) शेयर न करने, सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहने तथा साइबर सुरक्षा के मूल मंत्रों के बारे में विस्तार से समझाया। किसी भी साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाईन नम्बर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने हेतु जागरूक किया गया। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को उत्तराखंड पुलिस के अधिकारिक ‘गौरा शक्ति एप’ की उपयोगिता एवं विशेषताओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि संकट की स्थिति में यह एप महिलाओं के लिए अत्यंत सहायक है। ‘गौरा शक्ति एप’ को डाउनलोड करने व उसका उपयोग करने का व्यावहारिक तरीका भी समझाया गया।
किसी भी प्रकार की पुलिस सहायता, मेडिकल इमरजेंसी, अग्निकांड, आपदा, महिला संबंधी शिकायत अथवा चाइल्ड सेफ्टी से संबंधित आपात स्थिति में तत्काल 112 पर कॉल कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही 112 India App को डाउनलोड करने एवं उसके उपयोग की विस्तृत जानकारी भी दी गई।