





हल्द्वानी 25 जुलाई ।
जनपद नैनीताल में औद्योगिक विकास को गति देने तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में शनिवार को जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में उद्योग मित्र की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभागीय समन्वय के साथ कार्य करते हुए उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उद्यमियों द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाई गईं, जिन पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में औद्योगिक इकाइयों में ट्रासंपोर्टस एप में आ रही समस्याओं को गम्भीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने ओद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाए जाने एवं बेहतर सुविधा हेतु सड़क व विद्युत कार्यों को उच्च गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला सेवायोजन अधिकारी ने सभी उद्यमियों एवं होटल व्यवसायियों से कहा कि वे एमएसएमई पोर्टल पर अपना पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराएं। ताकि सेवायोजन कौशल विकास के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार का अवसर मिल सके।…

बैठक में बजूनिया हल्दू पतलिया से कोटाबाग को वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित करने के संबंध में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि प्रथम चरण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने लोनिवि को तत्काल शासन स्तर पर कार्यवाही करने के निर्देश अधिशासी अभिन्यता को दिए। उन्होंने कहा कि अनुमोदन प्राप्त होते ही कार्य प्रारम्भ किया जाय।
बैठक में विद्युत विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि कोटाबाग विकासखंड में 33 केवीए के नए विद्युत उपकेंद्र (सबस्टेशन) के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। अधिशासी अभिन्यता विद्युत वितरण खण्ड रामनगर ने अवगत कराया कि विद्युत विभाग द्वारा राजस्व विभाग के साथ मिलकर चयनित भूमि की तार-बाड भी कर दी गई है।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सिडकुल के जे0ई0 को निर्देश दिए कि माह अगस्त से भीमताल सिडकुल क्षेत्र में मिनी कार्यालय सुचारू रूप में संचालित किया जाए। उन्होने कहा कि सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्योगी उद्यमियो को किसी भी प्रकार की समस्या न हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका को भी निर्देश दिए कि भीमताल क्षेत्र होटल उद्यमी एंव सिडकुल क्षेत्र में कूडे का नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र स्वच्छ बनी रहे। इसी केे साथ ही नाराजगी व्यक्त करते हुए बैठक में उपस्थित न होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिये।
बैठक में समिति के सदस्यों ने कहा कि खनन विभाग द्वारा पोर्टल एवं पंजीकरण से संबंधित मामलों की जानकारी समिति को समय पर उपलब्ध नहीं कराई जाती है। उन्होंने ऐसे सभी मामलों से समिति को नियमित रूप से अवगत कराने की मांग की, ताकि आवश्यक समन्वय एवं निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
उद्यमियों की शिकायत पर विद्युत स्मार्ट मीटर से बढ़े बिलों की तकनीकी जांच कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जब तक उद्यमी संतुष्ट नही होता है तब तक उद्योग में पुराना मीटर लगे रहने को कहा।
हरिपुर मोतिया, बेलबाबा रामपुर रोड से भारत माइन्स एंड मिनरल्स सहित अन्य इकाइयों को जाने वाले संपर्क मार्ग की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही राज्य स्तर एंव जनपद स्तर में ऐपण में प्रथम कु0 स्तुति पंत, द्वितीय रेनु रतूडी, नैनी फ्लोरा सिडकुल भीमताल फूड प्रोसेसिंग में प्रथम स्थान, द्वितीय स्थान हिल प्योर आर्गेनिंग उत्पाद में हल्द्वानी को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह वितरित किये।
बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र पल्लवी गुप्ता, हिमालयन चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आर.सी. बिंजोला, सचिव मनोज डागा, दीपक कुमार अग्रवाल, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गडिया, आरटीओ गुरूदेव सिंह, सहित विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण, जल संस्थान एवं अन्य विभागों के अधिकारी तथा उद्यमी उपस्थित रहे।