

बागेश्वर : जनता की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने को लेकर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी एन. एस. नबियाल की अध्यक्षता में जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। सुनवाई शिविर में कुल 13 शिकायतें प्राप्त हुईं। अपर जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मुख्य रूप से सड़क, विद्युत, पेयजल एवं मुआवजा भुगतान से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। अपर जिलाधिकारी ने मिखिला-खलपट्टा सड़क पर बने गड्ढों को भरने, नालियों की सफाई एवं सड़क मुआवजा वितरण संबंधी प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए ब्रिडकुल को निर्देशित किया। वहीं ईड़ा-उजेड़ा-भेरू चौबटा सड़क से जुड़े विवाद के संबंध में लोक निर्माण विभाग, कपकोट को ग्राम प्रधान के साथ समन्वय स्थापित कर विवाद का निस्तारण करने के साथ ही मुआवजा वितरण की कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए। लाहूर में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पद के संबंध में प्राप्त शिकायत पर अपर जिलाधिकारी ने बाल विकास विभाग को दो सप्ताह के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने 36 दिनों से लंबित शिकायतों का दो दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए सभी अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान करने को कहा।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।