
चंपावत 08 अगस्त, । ब्यूरो
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने अवगत कराया है कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में, जिला पंचायत अध्यक्ष/उपाध्यक्ष एवं क्षेत्र पंचायत प्रमुख/उप प्रमुख पदों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री प्रारंभ कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री संबंधित जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों में निर्वाचन अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक की जा रही है।
विशेष रूप से, नामांकन के दिन 11 अगस्त 2025 को यह प्रक्रिया प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक संपन्न होगी।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि रक्षाबंधन (09 अगस्त 2025) के अवकाश को छोड़कर, अन्य सभी सार्वजनिक अवकाशों में भी नामांकन पत्रों की बिक्री यथावत की जाएगी। यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि किसी भी इच्छुक अभ्यर्थी को नामांकन पत्र प्राप्त करने में कोई असुविधा न हो।