




चम्पावत,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार के आदेशों के क्रम में बुधवार को न्याय पंचायत मोहनपुर की ग्राम पंचायत फागपुर में निर्माण श्रमिकों के लिए सामग्री वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में फागपुर, भजनपुर और चंदनी ग्राम पंचायतों के 645 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को लाभ मिला।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत कुल 2,167 किट वितरित की गईं। इनमें 877 शिक्षण किट, 645 पोषण किट और 645 स्वच्छता किट शामिल रहीं। शिविर के माध्यम से तीनों ग्राम पंचायतों के श्रमिकों को शिक्षा, पोषण और स्वच्छता से जुड़ी सामग्री स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई गई।
शिविर में दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती हेमा जोशी एवं श्री मनोज कालाकोटी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सरोज चंद, फागपुर की ग्राम प्रधान श्रीमती गीता देवी, भजनपुर की ग्राम प्रधान श्रीमती शांति चंद तथा चंदनी की ग्राम प्रधान श्रीमती प्रमिला ज्याला उपस्थित रहीं।

