ब्रेकिंग न्यूज रुद्रपुर:महापौर विकास शर्मा के एक्शन से शांत हुआ आक्रोश,✅हत्यारोपी के मकानों पर चला बुलडोजर,✅✅पांच मकानों पर नोटिस चस्पा, तीन में प्रारंभिक जांच में अवैध मिले हिस्से ध्वस्त,✅15 दिन में जांच पूरी कर सभी अवैध निर्माण तोड़ने का ऐलान! Ashok gulati एडिटर इन चीफ

खबर शेयर करें -

पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा;मृतक के भाई ने निगम की कार्रवाई पर जताया संतोष

रुद्रपुर। जगतपुरा के युवा व्यापारी नितेश कुमार की निर्मम हत्या के बाद उपजे जनआक्रोश के बीच महापौर विकास शर्मा ने मोर्चा संभालते हुए नगर निगम की कार्रवाई शुरू कराई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद नितेश का शव घर पहुंचने पर परिजन और स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा मुख्य हत्यारोपी के मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। कई घंटे तक चले हंगामे और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की कोशिश के बावजूद परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। आखिरकार दोपहर में महापौर विकास शर्मा स्वयं बुलडोजर और नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर मुख्य हत्यारोपी के पांच मकानों पर नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई शुरू हुई और प्रारंभिक जांच में तीन मकानों में अवैध पाए गए हिस्सों को जेसीबी से ध्वस्त कराया गया। नगर निगम की इस कार्रवाई और महापौर के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।

दरअसल, शुक्रवार को जिला अस्पताल में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद जगतपुरा निवासी युवा व्यापारी नितेश कुमार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त था। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो परिजनों ने शव घर के बाहर रखकर धरना शुरू कर दिया। उनकी प्रमुख मांग थी कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मुख्य हत्यारोपी के अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाया जाए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कई बार वार्ता कर परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ठोस कार्रवाई की मांग पर परिजन अड़े रहे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महापौर विकास शर्मा बुलडोजर और नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को मुख्य हत्यारोपी से जुड़े सभी मकानों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पांच मकानों पर नोटिस चस्पा किए गए। प्रारंभिक जांच में तीन मकानों में अवैध पाए गए निर्माण के हिस्सों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान मकानों के बाहर निकले छज्जे, स्लैब और टीन शेड हटाए गए। वहीं शेष निर्माणों की वैधता की जांच के लिए नगर निगम ने प्रक्रिया शुरू कर दी।

मौके पर महापौर ने स्पष्ट ऐलान किया कि मुख्य हत्यारोपी के सभी मकानों की विस्तृत जांच कराई जाएगी। इसके लिए एसएनए रणदीप सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। संबंधित भवनों के नक्शे और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। मकान स्वामी को 15 दिन का समय दिया गया है। इस अवधि में वैध नक्शे और निर्माण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो कानून के दायरे में रहते हुए अवैध निर्माणों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी में भवन बिना स्वीकृत नक्शे के बनाए जाने की बात सामने आई है। सभी मकानों की निष्पक्ष जांच होगी और जहां भी अवैध निर्माण पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा 15 दिन बाद मीडिया के सामने किया गया ये वादा पूरा होगा। जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अवैध निर्माणों को अवश्य ध्वस्त कराया जाएगा। इस मामले में किसी भी तरह का दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी दी गई है। मुख्यमंत्री लगातार पूरे घटनाक्रम का संज्ञान ले रहे हैं। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में भी मुख्यमंत्री से बातचीत हुई है। परिवार को नियमानुसार हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। महापौर ने कहा कि नितेश की हत्या से परिवार को जो अपूरणीय क्षति हुई है, उसकी भरपाई किसी भी तरह संभव नहीं है, लेकिन परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि धामी सरकार में अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हत्यारोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

महापौर ने कहा कि इस संवेदनशील घटना पर राजनीति करने के बजाय सभी को पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने विपक्षी नेताओं को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि यह धामी सरकार है, जहां अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई होती है। लाश पर राजनीति करना उचित नहीं है। उनकी पूरी संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं और न्याय की लड़ाई में वह पीछे नहीं हटेंगे।

महापौर की कार्रवाई से संतुष्ट हुआ परिवार, भाई ने जताया भरोसा

नगर निगम की कार्रवाई शुरू होने और महापौर से वार्ता के बाद मृतक नितेश के परिजन शांत हुए। मृतक के भाई ने मीडिया के सामने आकर कहा कि नगर निगम की कार्रवाई से परिवार संतुष्ट है। उन्हें 15 दिन का समय दिया गया है और उम्मीद है कि इस अवधि के बाद मुख्य हत्यारोपी के अवैध मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई भी पूरी की जाएगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इस पर महापौर ने परिवार को आश्वस्त किया कि हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad