
हल्द्वानी : जनपद नैनीताल के मुखानी क्षेत्रान्तर्गत एक नाबालिग बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी०सी० द्वारा अत्यंत कड़ा रुख अपनाया गया है।
कल देर रात, एक पीड़ित (नाबालिग बच्ची) के परिजन ने कोतवाली मुखानी में तहरीर दी कि उनकी बच्ची के साथ 4 लड़कों ने उसको डरा धमकाकर बहला फुसलाकर एक होटल में ले जाकर दरिंदगी का काम किया।
इस गंभीर घटना में तत्काल संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल द्वारा कोतवाली मुखानी पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया तथा अधीनस्थों को आरोपियों की गिरफ्तारी करने के सख्त निर्देश दिए। जिसके फलस्वरूप प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मामले में संलिप्त आरोपी–
धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री, हिमांशु गोनी को मात्र 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। 04 आरोपी शहर के चर्चित ITI गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं।
उक्त मामले में एसएसपी नैनीताल ने स्वयं पुलिस कार्रवाई की मानिटरिंग की और घटना के कुछ ही घंटों के भीतर सभी नामजद अभियुक्तों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।
एसएसपी नैनीताल का कड़ा संदेश — “बाल अपराधों पर जीरो टॉलरेंस”
एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नाबालिग बच्चों और बच्चियों के साथ दरिंदगी या अपराध करने वाले असामाजिक तत्वों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे कुख्यात अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अत्यंत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जनपद में महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले इस प्रकार के अपराधों पर आगे भी इसी प्रकार की सख्त और कड़क कार्रवाई जारी रहेगी।

