

रानीखेत (संवाददाता)। पर्यटन नगरी रानीखेत की चरमराई स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय गोविंद सिंह मेहरा राजकीय चिकित्सालय की बदहाली के खिलाफ शुरू हुआ जनआंदोलन आखिरकार रंग लाया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत के नेतृत्व में जैसे ही अस्पताल परिसर में आमरण अनशन शुरू हुआ, शासन-प्रशासन में हड़कंप मच गया। अनशन पर बैठने के तुरंत बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से वार्ता की और तत्काल प्रभाव से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू करवा दी।
स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों और क्षेत्रवासियों के बीच इस पूरे घटनाक्रम को क्षेत्रीय विधायक प्रमोद नैनवाल की बड़ी सियासी हार के तौर पर भी माना जा रहा है। चर्चा है कि जनआंदोलन के दबाव में प्रशासन को तत्काल झुकना पड़ा, जिससे विधायक के स्वास्थ्य सुधार संबंधी दावों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय स्तर पर यह आकलन किया जा रहा है कि आम जनता की बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की अनदेखी और आंदोलन के जरिए मांगें मनवाए जाने की इस स्थिति से आने वाले समय में विधायक प्रमोद नैनवाल को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
‘आमरण अनशन की चेतावनी और जनदबाव के आगे झुका तंत्र’
आंदोलन की सफलता के बाद पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत ने कहा कि जनता की ताकत और आमरण अनशन के आगे प्रशासन को झुकना पड़ा है। इससे पहले उन्होंने क्षेत्रीय विधायक के स्वास्थ्य संबंधी बड़े-बड़े दावों की पोल खोलते हुए तीखा हमला बोला था कि एक ओर विधायक को अपने चहेतों को प्राधिकरण अध्यक्ष जैसे उच्च पद बांटने और उनके घेरे में गुमराह होने से ही फुर्सत नहीं मिल रही है, वहीं दूसरी ओर एक माह से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड ठप पड़ा है, लाखों की मशीनें धूल फांक रही हैं और गर्भवती महिलाओं व मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।
सीएमओ और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई सफल वार्ता
आमरण अनशन शुरू होते ही आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) अल्मोड़ा डॉ. बर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (CMS) श्री दीप प्रकाश पार्की एवं तहसीलदार श्रीमती दीपिका आर्या सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने आंदोलनकारियों के साथ वार्ता की। वार्ता में सहमति बनी कि प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार और शनिवार को अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि गर्भवती महिलाओं और जरूरतमंद मरीजों को नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिल सके। इसके साथ ही प्रशासन ने स्थायी रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के लिए 10 से 15 दिन का समय मांगते हुए प्राथमिकता के आधार पर तैनाती का ठोस आश्वासन दिया है।
‘यह समस्त क्षेत्रवासियों और संघर्षशील साथियों की सामूहिक जीत’
पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत ने अपने बयान में कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि समस्त क्षेत्रवासियों और संघर्षशील जनआंदोलनकारियों की सामूहिक जीत है। उन्होंने दो टूक कहा कि आज अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू होना संघर्ष की पहली सफलता है, लेकिन जब तक अस्पताल में स्थायी रेडियोलॉजिस्ट और पैथोलॉजिस्ट की नियुक्ति नहीं हो जाती और बंद पड़ी मशीनें पूरी तरह सुचारू नहीं होतीं, तब तक उनका संघर्ष और निगरानी जारी रहेगी।
आंदोलन में इन प्रमुख लोगों का रहा विशेष योगदान
इस जनहित के संघर्ष को सफल बनाने में व्यापार मंडल अध्यक्ष श्री यतीश रौतेला, पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रीमती रचना रावत, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख श्री अम्बादत्त पंत, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख श्री मोहन सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री महेश आर्या, पूर्व प्रधान श्री दिवान सिंह महरा, पूर्व प्रधान श्रीमती रेनू महरा, पूर्व प्रधान श्रीमती मुन्नी बिष्ट, पूर्व प्रधान श्री राजेंद्र बिष्ट, वर्तमान प्रधान प्रतिनिधि श्री नारायण सिंह बिष्ट, श्री शेर सिंह बिष्ट, श्री शिवराज सिंह महरा, श्री मदन सिंह महरा, श्री विपिन महरा, श्री राजेंद्र सिंह महरा, श्री गौरव अधिकारी, श्री कार्तिक असवाल, श्री कार्तिक बिष्ट, श्री विनोद जोशी, श्री संजीव बिष्ट, श्री कमल तिवाड़ी सहित अनेक क्षेत्रवासी मौजूद रहे। अंत में आंदोलनकारियों ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के लिए प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सभी पत्रकार बंधुओं का भी आभार व्यक्त किया।

