नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के नेतृत्व में धरना शुरू हो गया है!…







लाल कआं : ओवरलोडिंग,वाहनों के बेरोकटोक आवागमन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी और लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा के बीच शुरू हुआ विवाद अब नगर की व्यवस्थाओं पर भारी पड़ता दिखाई दे रहा है। विवाद के विरोध में नगर पंचायत की ओर से रातभर शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बंद रखे जाने के बाद गुरुवार सुबह सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई। नगर पंचायत के पर्यावरण मित्र काम पर नहीं पहुंचे, जिसके चलते शहर के विभिन्न स्थानों पर कूड़े के ढेर लग गए। नालियां चोक हो गईं और सड़कों पर गंदगी फैलने से नगर की स्वच्छता व्यवस्था बदहाल नजर आई।वहीं नगर की सफाई व्यवस्था ठप होने की सूचना पर उप जिलाधिकारी रेखा कोहली नगर पंचायत कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत के साथ बैठक कर तत्काल सफाई व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए। इसके बाद पर्यावरण मित्रों को मौके पर बुलाया गया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कह दिया कि जब तक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक वे सफाई कार्य शुरू नहीं करेंगे।
पर्यावरण मित्रों के इस रुख के बाद मामला और गरमा गया। फिलहाल उप जिलाधिकारी रेखा कोहली और नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के बीच वार्ता चल रही है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष के समर्थन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष नगर पंचायत कार्यालय पहुंच गए हैं। पर्यावरण मित्रों के साथ नगरवासियों ने भी अध्यक्ष के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी है।
इधर नगर में सफाई व्यवस्था बाधित होने से जगह-जगह कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं। नालियों में कचरा फंसने से जल निकासी प्रभावित हो रही है। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर फैली गंदगी से उठने वाली दुर्गंध ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यदि जल्द सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो कूड़े के ढेरों से मच्छरों और मक्खियों का प्रकोप बढ़ सकता है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी पैदा हो सकती है।

वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक और नगर पंचायत अध्यक्ष के बीच शुरू हुई तकरार अब शहर की मूलभूत सुविधाओं को प्रभावित करने लगी है। रात में अंधेरे और दिन में गंदगी से जूझ रहे नगरवासियों के सामने कई तरह की परेशानियां खड़ी हो गई हैं। व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी इसका असर झेलना पड़ रहा है। ऐसे में नगरवासियों की निगाहें अब प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
विवाद की मुख्य वजह

ओवरलोड वाहन से हादसा. आजाद नगर के वार्ड नंबर 4 में सीओ कार्यालय रोड पर पराल से लदी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बिजली के पोल को टक्कर मार दी। इससे खंभा टेढ़ा हो गया और बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए।पुलिस और अध्यक्ष में नोकझोंक. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने वाहनों को रुकवाया। उनका आरोप है कि कोतवाली पास होने के बावजूद पुलिस काफी देर से पहुंची और प्रभारी निरीक्षक (कोतवाल) बृजमोहन सिंह राणा ने कार्रवाई करने के बजाय उनके साथ अभद्रता व धक्का-मुक्की की।वाहन छोड़ने का आरोप. अध्यक्ष का कहना है कि पुलिस ने नियमों का उल्लंघन कर रहे ओवरलोड वाहनों का चालान काटने के बजाय उन्हें बिना कार्रवाई के जाने दिया।

- कोतवाली में धरना. कथित अभद्रता से नाराज होकर अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने सभासदों, पूर्व सैनिक संगठन और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर कोतवाली परिसर के सामने धरना शुरू कर दिया।
- कार्य बहिष्कार और ब्लैकआउट. देर शाम प्रेस वार्ता कर अध्यक्ष ने घोषणा की कि जब तक कोतवाल का तबादला और निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक नगर पंचायत में पूर्ण कार्य बहिष्कार रहेगा। इसके तहत शहर की सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइटें (पथ प्रकाश) बंद कर दी गई हैं, जिससे कई इलाकों में अंधेरा पसरा है।अध्यक्ष की मुख्य मांगें. उन्होंने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को ज्ञापन भेजकर संबंधित कोतवाल के तत्काल स्थानांतरण, दोषी पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई और ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने की मांग की है|दूसरी तरफ

कोतवाली प्रभारी बृजमोहन सिंह राणा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मौके पर जाम न लगे और यातायात सुचारू रहे, इसलिए वाहनों को हटवाया गया था। उन्होंने बताया कि नियम तोड़ने वाले एक वाहन को सीज भी किया गया है।सीओ का आश्वासन. लालकुआं के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) लव शर्मा ने धरना स्थल पर पहुंचकर अध्यक्ष से शिकायती पत्र लिया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच के तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।

