मृतक रानीखेत निवासी, क्षेत्र में शोक की लहर

रानीखेत। बागेश्वर जिला चिकित्सालय में कार्यरत मृतक आश्रित कोटे के क्लर्क मोहित मेहरा (पुत्र मोहन सिंह मेहरा) की गोमती नदी में डूबने से दुखद मृत्यु हो गई है। मोहित मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के रानीखेत के ग्राम एराड़ पंतकोटली के रहने वाले थे। इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव सहित पूरे रानीखेत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहित मेहरा बीते सोमवार की देर शाम से अचानक लापता हो गए थे। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने पर द्यांगण-नदीगांव बाईपास के पास गोमती नदी के किनारे उनकी स्कूटी लावारिस हालत में खड़ी मिली थी, जिससे किसी अनहोनी की आशंका गहरा गई थी। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और परिजनों द्वारा चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के बाद गोमती नदी से उनका शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहित के असामयिक निधन पर उनके पैतृक क्षेत्र रानीखेत में गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है। इस दुखद घड़ी में ग्राम प्रधान रोड खष्टी अधिकारी तथा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कैलाश अधिकारी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा क्षेत्र पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।

