”हंगामेदार रहेगा दो दिवसीय सत्र ”

गैरसैंण। ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित गैरसैंण में मंगलवार से विधानसभा का दो दिवसीय सत्र प्रारंभ होगा। पहले दिन दोपहर तीन बजे 7400 करोड़ के अनुपूरक बजट समेत 10 विधेयक एवं विभिन्न विभागों के पांच प्रतिवेदन सदन के पटल पर रखे जाएंगे।
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में आज मंगलवार, से दो दिवसीय विधानसभा सत्र शुरू हो रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार इस सत्र में ₹7,412 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके साथ ही आठ विधेयकों को सदन के पटल पर रखने की तैयारी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस सत्र को सरकार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सदन के भीतर बजट और विधायी कार्यों के साथ विपक्ष के सवालों पर भी सबकी नजर रहेगी।
सड़क मार्ग से भराड़ीसैंण पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, तैयारियों का जायजा
विधानसभा सत्र में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को गैरसैंण पहुंचे। मुख्यमंत्री रुद्रप्रयाग जिले के गुलाबराय तक हेलिकॉप्टर से पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग के जरिए भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा परिसर पहुंचे। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
सत्र को लेकर विधानसभा परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने भी भराड़ीसैंण पहुंचकर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधानसभा सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारी भी सत्र की तैयारियों में जुटे रहे।
इस बार गैरसैंण में सत्र आयोजित करने के साथ ही सरकार और प्रशासन के सामने सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से संचालित कराने, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और विधायकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की चुनौती रहेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में सत्ताधारी दल की रणनीति पर मंथन हुआ। पार्टी विधायकों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर रोष व्यक्त किया। कांग्रेस की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों की काट की रणनीति पर मंथन किया गया।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की अध्यक्षता में कांग्रेस विधानमंडल दल की बैठक में अंकिता भंडारी हत्याकांड, महंगाई, बेरोजगारी, एसआइआर समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार की घेराबंदी पर सहमति बनी। विपक्षी विधायकों ने तीखे तेवरों के साथ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की अनदेखी के मुद्दों को भी सामने रखा। विपक्ष इसे भी मुद्दा बनाएगा।
उधर, विधानसभा सत्र के पहले दिन सदन में पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूडी और पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बताया कि अनुपूरक बजट समेत कुल 10 विधेयक सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे। सत्र के लिए 31 विधायकों ने 445 सवाल लगाए हैं।
सत्र में आज ये विधेयक होंगे पेश
अनुपूरक बजट
उत्तराखंड सिंचाई एवं जल निकासी अधिनियम विधेयक
उत्तराखंड राजकोषीय उत्तरदायित्व एवं बजट प्रबंधन संशोधन विधेयक
उत्तराखंड निवेश और आधारित संरचना विकास और विनियमन संशोधन विधेयक
उत्तराखंड जनविश्वास उपबंधों का संशोधन (द्वितीय) विधेयक
उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम संशोधन विधेयक
उत्तराखंड उच्च शिक्षा अधिनियम संशोधन विधेयक
उत्तराखंड सिविल विधि संशोधन विधेयक
उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक
उत्तराखंड माल एवं सेवा कर संशोधन विधेयक|

