

रानीखेत (उत्तराखंड)। चौबटिया के कड़े पर्वतीय इलाकों में चल रहे भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की सेनाओं के बीच ‘माउंटेन गार्जियन 2026’ संयुक्त सैन्य अभ्यास में जवानों का हौसला और पराक्रम चरम पर है। 14 दिवसीय इस प्रतिष्ठित युद्धाभ्यास के दौरान 11 और 12 अक्टूबर को दोनों मित्र देशों के सैनिकों ने कठिन परिस्थितियों में आपसी तालमेल और सामरिक संचालन क्षमता को मजबूत करने के लिए दिन-रात एक कर दिया।
इस सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना की भैरव बटालियन के 46 जवान और यूएई (UAE) सेना की माउंटेन इन्फैंट्री बटालियन के 46 जवान भाग ले रहे हैं। अभ्यास के दौरान दोनों देशों के जवानों ने पर्वतीय युद्ध कौशल (Mountain Warfare) का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सैन्य सूत्रों के अनुसार, पिछले दो दिनों में जवानों ने चौबटिया की दुर्गम पहाड़ियों में दिन और रात के समय लाइव फायरिंग (Day and Night Firing) और रिफ्लेक्स शूटिंग का कड़ा अभ्यास किया। इसके अतिरिक्त, पहाड़ी क्षेत्रों में दुश्मनों को घेरने और उन पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए रॉक क्लाइंबिंग, रैपेलिंग और हेलिकॉप्टर स्लिदरिंग जैसी उच्च-स्तरीय माउंटेनियरिंग तकनीकों का लाइव अभ्यास किया गया। शारीरिक दक्षता को बढ़ाने के लिए दोनों सेनाओं ने शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ जिउ-जित्सु (Jiu-Jitsu) जैसी मार्शल आर्ट्स तकनीकों का भी एक-दूसरे से आदान-प्रदान किया।

