
लालकुआं / पुलभट्टा: तराई पूर्वी वन प्रभाग के अंतर्गत वन तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत वन विभाग की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभागीय अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान एक ट्रक से अवैध रूप से परिवहन की जा रही भारी मात्रा में मिश्रित सोख्ता एवं जलौनी प्रकाष्ठ बरामद किया गया है, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग श्री राहुल मिश्रा तथा उप प्रभागीय वनाधिकारी गौला श्री अनिल जोशी के कुशल दिशा-निर्देशन में वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त और संदिग्ध वाहनों की निगरानी कर रही थी। इसी क्रम में दिनांक 26 नवंबर 2026 की रात्रि में उत्तर प्रदेश की ओर से उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश कर रहे एक संदिग्ध ट्रक (संख्या UP 25 FT 2605) को पुलभट्टा बैरियर पर तैनात वन कर्मियों ने चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया।
बैरियर पर रुकने के बजाय ट्रक चालक ने पकड़े जाने के डर से वाहन की गति और तेज कर दी। चालक के इस संदिग्ध व्यवहार पर वन कर्मियों को अवैध परिवहन का अंदेशा हुआ और टीम ने तुरंत ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया। पीछा होता देख चालक ने पुलभट्टा तिराहे से वाहन को सितारगंज मार्ग की ओर मोड़ दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन टीम ने तत्काल दूरभाष के माध्यम से पिपलिया बैरियर स्टाफ को पूरे घटनाक्रम की सूचना दी और सतर्क रहने को कहा। सूचना मिलते ही पिपलिया बैरियर स्टाफ मुस्तैद हो गया और आगे सड़क पर बैरिकेड लगाकर ट्रक को रोकने की घेराबंदी की गई। बैरिकेडिंग के कारण आगे का रास्ता अवरुद्ध होता देख चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर खड़े ट्रक की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में आम, नीम, सुबबूल और पाकड़ समेत अन्य प्रजातियों का मिश्रित सोख्ता एवं जलौनी प्रकाष्ठ लदा पाया गया। वन कर्मियों द्वारा मौके पर ही लकड़ी की विधिवत नपत की गई, जिसमें वाहन के भीतर कुल 29.61 घन मीटर सोख्ता/जलौनी प्रकाष्ठ होना पाया गया।
जब वाहन चालक व संबंधित पक्ष से इस लकड़ी के परिवहन से जुड़े वन विभाग के वैध अभिवहन पास (ट्रांजिट पास) के बारे में पड़ताल की गई, तो कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। बिना अभिवहन पास के अवैध रूप से प्रकाष्ठ का परिवहन पाए जाने पर वन टीम ने ट्रक और उसमें लदी पूरी लकड़ी को नियमानुसार जब्त कर लिया।
जब्त किए गए ट्रक को अग्रिम कार्रवाई हेतु रेंज कार्यालय परिसर, लालकुआं में लाकर खड़ा कर दिया गया है। वन क्षेत्राधिकारी डौली रेंज, लालकुआं प्रदीप कुमार पन्त ने बताया कि मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927 (यथा संशोधित 2001) की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। फरार वाहन चालक तथा इस अवैध परिवहन में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

